यह ख़बर 17 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

प्रणब ने कहा, आने वाले महीने पड़ेंगे भारी

खास बातें

  • वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने चेताया कि आने वाले महीने कठिन होंगे और चालू वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि दर घटकर 7 प्रतिशत से भी नीचे आ सकती है।
नई दिल्ली:

वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने चेताया कि आने वाले महीने कठिन होंगे और चालू वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि दर घटकर 7 प्रतिशत से भी नीचे आ सकती है। पिछले वित्त वर्ष में वृद्धि दर 8.5 फीसद रही थी।

मुखर्जी ने कहा, ‘चालू वित्त वर्ष में हमारे सामने कठिन दो-तीन माह हैं। 2011-12 में हमारी आर्थिक वृद्धि दर 7 प्रतिशत के आसपास या उससे कुछ कम रह सकती है। वित्त वर्ष के लिए केंद्र सरकार के वित्त को लेकर भी चिंता है।’

वित्त मंत्री ने हालांकि उम्मीद जताई कि भारतीय रिजर्व बैंक 24 जनवरी को पेश होने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा में उचित कदम उठाएगा, जिससे वृद्धि की रफ्तार को कायम रखा जा सकेगा।

मुखर्जी ने कहा, ‘मुझे भरोसा है कि आगे चलकर केंद्रीय बैंक महंगाई को काबू रखने और वृद्धि तथा रोजगार सृजन को लेकर संतुलन बैठाने के लिए कदम उठाएगा।’

चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में वृद्धि दर घटकर 7.3 प्रतिशत पर आ गई है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 8.6 फीसद रही थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राजकोषीय घाटे के बारे में वित्त मंत्री ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही का प्रदर्शन प्राप्तियों और खर्च दोनों मोर्चों पर कुछ जोखिम पैदा करता है।