यह ख़बर 11 नवंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

टॉप 10 कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण में भारी गिरावट

खास बातें

  • देश की शीर्ष 10 कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण पिछले सप्ताह घटकर करीब 10 लाख करोड़ रुपये रह गया। ओएनजीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार पूंजीकरण में सबसे अधिक गिरावट आई।
मुंबई:

बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की शीर्ष 10 कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण पिछले सप्ताह घटकर करीब 10 लाख करोड़ रुपये रह गया। इनमें ओएनजीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार पूंजीकरण में सबसे अधिक गिरावट आई।

9 नवंबर को समाप्त हुए सप्ताह में शीर्ष 10 कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण घटकर 9.90 लाख करोड़ रुपये रह गया, जो इससे पिछले सप्ताह 18.88 लाख करोड़ रुपये था।

छह कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में सबसे तेज गिरावट आई, जबकि एचडीएफसी और आईटीसी सहित चार कंपनियों का बाजार पूंजीकरण बढ़ा। एक सूचीबद्ध कंपनी का बाजार पूंजीकरण या बाजार मूल्य, कंपनी के कुल शेयरों में शेयर मूल्य का गुणा कर निकाला जाता है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

शीर्ष 10 कंपनियों में टीसीएस पहले पायदान पर रही, जबकि आरआईएल दूसरे, आईटीसी तीसरे, ओएनजीसी चौथे, कोल इंडिया पांचवें, एचडीएफसी बैंक छठे, एसबीआई सातवें, एनटीपीसी आठवें, इन्फोसिस नौवें और एचडीएफसी 10वें पायदान पर रही। सप्ताह के दौरान ओएनजीसी का बाजार मूल्य 7,357 करोड़ रुपये घटकर 2,19,961 करोड़ रुपये रह गया, जबकि आरआईएल का बाजार पूंजीकरण 6,360 करोड़ रुपये घटकर 2,55,021 करोड़ रुपये रह गया।