खास बातें
- कंपनी के कर्मचारियों के लगभग एक घंटे की इस हड़ताल से मारुति सुजूकी को 50 वाहनों का उत्पादन नुकसान हुआ।
नई दिल्ली: मारुति सुजुकी इंडिया के मानेसर कारखाने में कर्मचारियों के कुछ समय तक काम बंद रखने से उत्पादन प्रभावित हुआ। आंदोलनकारी कर्मचारियों ने अपने पांच साथियों के निलंबन के खिलाफ दोपहर में टूल डाउन हड़ताल की। कंपनी के कर्मचारियों के लगभग एक घंटे की इस हड़ताल से मारुति सुजूकी को 50 वाहनों का उत्पादन नुकसान हुआ। कंपनी ने पांच कर्मचारियों को बुधवार को सुपरवाइजर से कथित मारपीट के आरोप में निलंबित कर दिया था। उल्लेखनीय है कि महीने भर पहले ही मानेसर संयंत्र के कर्मचारी 13 दिन हड़ताल पर रहे थे, जिससे कंपनी को करीब 630 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। बुधवार को एक सुपरवाइजर पर कथित तौर पर हमले के लिए पांच कर्मचारियों को निलंबित किए जाने के बाद कर्मचारी हड़ताल करने को उतारू हो गए। संपर्क करने पर कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा, कर्मचारियों द्वारा एक सुपरवाइजर पर हमला किया गया और जब गुरुवार को निलंबन के जरिए अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई, उन्होंने संयंत्र में काम बंद कर दिया। हड़ताल करने वाले कर्मचारियों की संख्या बहुत कम है।