मुंबई: बंबई शेयर बाजार में गिरावट के सिलसिले पर गुरुवार को ब्रेक लगा और सेंसेक्स 160.48 अंक चढ़कर तीन सप्ताह के निचले स्तर से उबरकर 25,262.21 अंक पर पहुंच गया। हाल में गिरावट वाले शेयरों में खरीदारी से बाजार में तेजी आई। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती से भी धारणा को बल मिला।
इस बीच, लोकसभा ने वित्त विधेयक 2016 को कुछ संशोधनों के साथ पारित कर दिया है। बजट 2016-17 में केंद्र ने बुनियादी ढांचा, कृषि और ग्रामीण विकास क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया है। इसके बावजूद कंपनियों के कमजोर तिमाही नतीजों की वजह से धारणा सुस्त है।
जियोजित बीएनपी परिबा फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य बाजार रणनीतिकार आनंद जेम्स ने कहा, 'वैश्विक बाजारों में गिरावट के बीच सकारात्मक संकेत सीमित थे। लेकिन मूल्यवर्धन की खरीदारी से बाजार में तेजी आई।' उन्होंने कहा कि इसके अलावा आगे चलकर बाजार की धारणा अमेरिका के गैर कृषि क्षेत्र के आंकड़ों तथा बेरोजगारी के आंकड़ों पर निर्भर करेगी। ये आंकड़े शुक्रवार को आने वाले हैं।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 25,187.66 अंक पर खुलने के बाद दिन के उच्चस्तर 25,394.10 अंक तक गया। हालांकि, बाद में यह कुछ नीचे आया। कारोबार के अंतिम घंटे में लिवाली सुधरने से अंत में यह 160.48 अंक या 0.64 प्रतिशत के सुधार से 25,262.21 अंक पर बंद हुआ। पिछले तीन सत्रों में सेंसेक्स 505 अंक गिरा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 28.95 अंक या 0.38 प्रतिशत के सुधार से 7,735.50 अंक पर बंद हुआ।
इस रुख के उलट स्मॉल कैप और मिडकैप में 0.09 प्रतिशत तक की गिरावट आई। सेंसेक्स की कंपनियों में एचडीएफसी लिमिटेड का शेयर 2.90 प्रतिशत चढ़कर 1,163.85 रुपये पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार ऊपर चल रहे थे। चीन के सेवा क्षेत्र की वृद्धि धीमी पड़ने से एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख था। हांगकांग, सिंगापुर तथा ताइवान के बाजार 0.19 से 0.37 प्रतिशत तक लाभ में रहे। चीन के बाजार में 0.22 प्रतिशत का लाभ रहा।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में 19 लाभ में रहे। वही अडाणी पोर्ट्स, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, हिंद यूनिलीवर, बजाज ऑटो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, टीसीएस, हीरो मोटोकार्प और डॉ रेड्डीज लैब में 4.33 प्रतिशत तक की गिरावट आई। एचडीएफसी का शेयर 2.90 प्रतिशत चढ़ गया। भेल में 2.55 प्रतिशत, टाटा मोटर्स में 2.46 प्रतिशत, लार्सन में 2.20 प्रतिशत, ल्यूपिन में 1.71 प्रतिशत, आईटीसी में 1.52 प्रतिशत, सिप्ला में 1.47 प्रतिशत, सनफार्मा में 1.03 प्रतिशत, टाटा स्टील में 0.93 प्रतिशत, मारति में 0.81 प्रतिशत तथा कोल इंडिया में 0.73 प्रतिशत का लाभ रहा।
विभिन्न वर्गों के सूचकांकों में पूंजीगत सामान 1.60 प्रतिशत, औद्योगिक 0.87 प्रतिशत, एफएमसीजी 0.83 प्रतिशत, वाहन 0.57 प्रतिशत, बिजली 0.61 प्रतिशत, वित्त 0.51 प्रतिशत तथा धातु 0.33 प्रतिशत लाभ में रहे। वहीं दूसरी ओर दूरसंचार क्षेत्र संबंधी सूचकांकमें 1.81 प्रतिशत, टिकाऊ उपभोक्ता सामान में 0.46 प्रतिशत तथा तेल एवं गैस कंपनियों पर केंद्रित सूचकांक में 0.16 प्रतिशत की गिरावट आई।
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)