मुंबई: शेयर बाजार आज तेजी के साथ बंद हुए. सेंसेक्स 186 अंक चढ़कर 28,599 पर और निफ्टी 37 अंक चढ़कर 8779 पर बंद हुआ. शुरुआती कारोबार में बीएसई का बेंचमार्क सेंसेक्स 258 अंक ऊंचा रहा. वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी फिर से 8,800 अंक के स्तर पर पहुंच गया था.
सकारात्मक वैश्विक संकेतों और विदेशी कोषों तथा कारोबारियों की सतत खरीदारी से बाजार को समर्थन मिला. बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक आज शुरुआती दौर में 258.59 अंक यानी 0.91 प्रतिशत ऊंचा रहकर 28,671.48 अंक रहा. ऑटोमोबाइल, बैंकिंग क्षेत्र के शेयरों की अगुवाई में विभिन्न सूचकांक में तेजी का रुख रहा.
एनएसई का निफ्टी 73.65 अंक यानी 0.84 प्रतिशत बढ़कर 8,816.20 अंक पर पहुंच गया. शेयर ब्रोकरों का कहना है कि खरीदारी गतिविधियां बढ़ी हैं. एशियाई बाजारों में भी मजबूती का रुख देखा गया है. उधर, अमेरिका में फेडरल रिजर्व की ब्याज दरें बढ़ाने की उम्मीदें कमजोर हुई है. इससे धारणा में सुधार हुआ.
जापान का निक्केई सूचकांक शुरुआती कारोबार में 0.39 प्रतिशत बढ़ गया. चीन, हांगकांग, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और ताइवान में सार्वजनिक अवकाश होने पर बाजार बंद रहे. अमेरिका का डाउ जोंस औद्योगिक औसत सूचकांक कल 0.99 प्रतिशत ऊंचा रहकर बंद हुआ.
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)