खास बातें
- वित्त राज्यमंत्री एसएस पलानिमणिक्कम ने कहा कि मॉरीशस के साथ जो कर समझौता है, उस पर भारत सरकार फिर से विचार कर रही है। इस खबर के आते ही बाजार में कोहराम मच गया।
मुंबई: शेयर बाजार में आज भारी गिरावट दर्ज की गई और बीएसई सेंसेक्स 320 अंक लुढ़ककर 17,000 से नीचे पहुंच गया। वहीं निफ्टी में भी 100 अंकों से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई और यह 30 जनवरी के बाद अपने न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया है।
वित्त राज्यमंत्री एसएस पलानिमणिक्कम ने कहा है कि मॉरीशस के साथ जो कर समझौता है, उस पर भारत सरकार फिर से विचार कर रही है। इसका मतलब यह है कि अब तक भारत में काम कर रही जो कंपनियां मॉरीशस में टैक्स देती थीं, उन्हें यहां टैक्स देने की जरूरत नहीं थी, लेकिन सरकार के विचार करने का मतलब है कि उन्हें भारत में भी टैक्स देना पड़ सकता है।
सरकार का मानना है कि उसे मॉरिशस टैक्स ट्रीटी की वजह से हर साल 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस खबर के आने के बाद ही बाजार में जोरदार गिरावट शुरू हो गई। माना जाता है कि ज्यादातर विदेशी निवेशक मॉरीशस रूट के जरिए भारत में निवेश करते हैं।
इससे पूर्व सुबह सेंसेक्स 84.35 अंक या 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,066.84 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज निफ्टी सूचकांक 24.75 अंक या 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,163.65 अंक पर खुला था।