खास बातें
- गुरुवार से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ाए जाने की उम्मीद में बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स बुधवार को 131 अंक की मजबूती के साथ बंद हुआ।
मुंबई: एशियाई बाजारों में मजबूत रुख के बीच गुरुवार से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ाए जाने की उम्मीद में बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स बुधवार को 131 अंक की मजबूती के साथ बंद हुआ।
30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में कमजोर होकर 18,309.81 अंक पर चला गया था, लेकिन बाद में रीयल्टी तथा रोजमर्रा के उपयोग का सामान बनाने वाली (एफएमसीजी) कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी आई। अंत में सेंसेक्स 131.06 अंक या 0.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 18,460.38 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 43.25 अंक या 0.78 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,614.80 अंक पर बंद हुआ।
वित्तमंत्री पी चिदंबरम के बयान से कारोबारी धारणा में सुधार हुआ। चिदंबरम ने कहा है कि खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) समेत विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी दलों द्वारा संसद में विभिन्न प्रस्ताव लाने की योजना से सरकार तनिक भी विचलित नहीं है, क्योंकि हमें सभी सहयोगी दलों से पूर्ण समर्थन की उम्मीद है।
एशियाई बाजारों में मजबूत रुख से भी बाजार धारणा को बल मिला। रीयल्टी क्षेत्र का सूचकांक भी 2.47 प्रतिशत बढ़कर 1,877.82 अंक हो गया। एफएमसीजी क्षेत्र में भी सूचकांक चढ़ा है।