खास बातें
- एशियाई शेयर बाजारों में कमजोर रुख के बीच संस्थागत निवेशकों की बिकवाली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स बुधवार को शुरुआती कारोबार में करीब 86 अंक की गिरावट के साथ खुला।
मुंबई: एशियाई शेयर बाजारों में कमजोर रुख के बीच संस्थागत निवेशकों की बिकवाली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स बुधवार को शुरुआती कारोबार में करीब 86 अंक की गिरावट के साथ खुला। नीतिगत ब्याज दरों में और कटौती नहीं होने के रिजर्व बैंक के संकेत से भी बाजार धारणा पर असर पड़ा। 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 86.20 अंक या 0.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,459.98 अंक पर खुला।
रीयल्टी, बैंकिंग तथा धातु क्षेत्र में सर्वाधिक गिरावट दर्ज की गई। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 28.60 अंक या 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,971.35 अंक पर खुला।
कारोबारियों के अनुसार रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर सुबीर गोकर्ण के बयान के बाद बाजार धारणा कमजोर है। गोकर्ण ने कहा है कि मुद्रास्फीति दबाव को देखते हुए नीतिगत ब्याज दरों में और कटौती की गुंजाइश कम है। इसके अलावा, अन्य एशियाई बाजारों में कमजोर रुख तथा संस्थागत निवेशकों की बिकवाली से भी बाजार पर नकारात्मक असर पड़ा।