खास बातें
- कंपनियों के कमजोर नतीजों के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों की जोरदार बिकवाली से गुरुवार को बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 151 अंक लुढ़क गया।
मुंबई: कंपनियों के कमजोर नतीजों के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों की जोरदार बिकवाली से गुरुवार को बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 151 अंक लुढ़क गया। नकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच वाहन और बैंकिंग कंपनियों के शेयरों के खराब प्रदर्शन से बाजार धारणा पर असर पड़ा। पिछले सत्र में 17 अंक गंवाने वाला 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 150.72 अंक या 0.87 प्रतिशत और गिरकर 17,151.19 अंक पर आ गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50.75 अंक या 0.97 फीसदी की गिरावट के साथ 5,188.40 अंक पर आ गया। ब्रोकरों ने कहा कि रुपये के गिरकर चार माह के निचले स्तर पर आने के बाद विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध बिकवाल बने रहे। इससे सरकार की बढ़ते घाटे को पाटने की क्षमता पर आशंका बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि हीरो मोटो कार्प और एफएमसीजी कंपनी मैरिको के कमजोर नतीजों से भी बिकवाली दबाव बढ़ गया। विदेशी बाजारों में नकारात्मक संकतों से भी यहां धारणा प्रभावित हुई।
वाहन वर्ग के सूचकांक में सबसे ज्यादा 2.43 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 10,209.04 अंक पर आ गया। इसी तरह, धातु वर्ग का सूचकांक 1.75 फीसदी की गिरावट के साथ 10,833.90 अंक पर आ गया। बैंकेक्स में 1.74 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई और यह 11,653.70 अंक रह गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में हीरो मोटो कार्प, मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, लार्सन एंड टूब्रो, जिंदल स्टील, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा स्टील, कोल इंडिया, डीएलएफ, गेल इंडिया और ओएनजीसी के शेयरों में गिरावट रही।