शेयर बाजार में दिख रही तेजी, सेंसेक्स-निफ्टी बढ़त पर. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुंबई: अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मिले-जुले संकेतों के बीच घरेलू बाजार आज बुधवार को तेजी के साथ खुले हैं. मंगलवार को क्लोजिंग में चार दिनों की गिरावट का सिलसिला रुका था, जिसके बाद आज भी बाजार ने ओपनिंग में मजबूती दिखाई है. सुबह 09:16 पर सेंसेक्स 142.42 अंकों या 0.27% की तेजी के साथ 53,566.51 पर खुला, वहीं निफ्टी 41.90 अंकों या 0.26% की तेजी के साथ 16,055.40 पर दर्ज हुआ.
सुबह 9.47 पर सेंसेक्स में 461.31 अंकों या 0.86% की तेजी दर्ज हो रही थी और इंडेक्स 53,885.40 के स्तर पर था. निफ्टी 16,142.25 के स्तर पर था और इसमें 128.80 अंकों या 0.80% की तेजी आई.
ओपनिंग में निफ्टी पर टाइटन, इंडसइंड, इन्फोसिस और अडाणी पोर्ट्स में तेजी आई. वहीं, आयशर मोटर्स, एशियन पेंट्स, कोटक महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर ने गिरावट देखी.
अगर पिछले कारोबारी सत्र की बात करें तो इंडेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बढ़त लेने में सफल रहे। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), फार्मा और रियल्टी कंपनियों को मिले समर्थन से बाजार में यह तेजी आई. हालांकि, वैश्विक बाजारों का रुख मिला-जुला रहा.
यूक्रेन पर रूस का हमला तेज होने के साथ ही रूस पर कई तरह की पाबंदियां लगने से भी बाजारों की धारणा प्रभावित रही. सेंसेक्स 53,424.26 अंक पर बंद हुआ जो पिछले दिवस की तुलना में 581.34 अंक यानी 1.10 प्रतिशत अधिक है. निफ्टी भी उठापटक के बाद 16,013.45 अंक पर बंद हुआ जिसमें 150.30 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की बढ़त आई.