मुंबई: पिछले हफ्ते भी लगातार गिरावट देखने के बाद घरेलू शेयर बाजार में सोमवार यानी 28 मार्च को भी गिरावट दिखी. ग्लोबल बाजारों से मिले-जुले संकेत देखे जाने के बाद सेंसेक्स 138.56 अंकों की गिरावट के साथ शुरुआती कारोबार में 57, 223.64 अंक पर रहा, निफ्टी भी 43.55 अंक कमजोर होकर 17,109.45 अंक पर आया. सुबह 10.09 पर बीएसई सेंसेक्स 323.78 अंकों या 0.56% की गिरावट के साथ 57,038.42 पर था. वहीं, निफ्टी 17,064.25 के स्तर पर था. इसमें 88.75 अंकों या 0.52% की गिरावट आई थी.
शुरुआती कारोबार में निफ्टी पर सिप्ला, टाटा कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स, बजाज ऑटो और मारुति सुजुकी के शेयर तेजी पर थे. वहीं, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज़ गिरावट पर रहे.
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, एसबीआई, डॉ रेड्डीज, बजाज फिनसर्व, नेस्ले इंडिया, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टीसीएस और टेक महिंद्रा के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. वहीं, मारुति सुजूकी इंडिया, आईटीसी, भारती एयरटेल और सन फार्मा के शेयर लाभ में रहे.
अगर पिछले कारोबार की बात करें तो शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 233 अंक के नुकसान में रहा. बीएसई सेंसेक्स 233.48 अंक यानी 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,362.20 अंक पर बंद हुआ था. कारोबार के दौरान एक समय यह 495.44 अंक लुढ़क कर 57,100.24 पर खिसक गया था. निफ्टी 69.75 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,153 अंक पर बंद हुआ था.