शेयर बाजार में क्लोजिंग में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज हुुई.
मुंबई: कोरोनावायरस के खिलाफ लड़ाई में केंद्र सरकार की ओर से नीतियों में किए गए बदलावों के बीच आज बाजार में अच्छा सुधार देखने को मिला था, हालांकि यह सुधार बरकरार नहीं रह पाया और आज क्लोजिंग में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखी गई है. आज आईटी, FMCG और फाइनेंशियल शेयरों में जबरदस्त गिरावट देखी गई.
आज क्लोजिंग में सेंसेक्स 243.62 अंक टूटकर 47,705.80 अंक पर बंद हुआ और निफ्टी 63.05 अंक के नुकसान से 14,296.40 अंक पर बंद हुआ. आज बेंचमार्क इंडेक्स में जो दिन में लाभ दर्ज हुआ था, वो भी नीचे आ गया.
अगर ओपनिंग की बात करें तो मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स 500 अंक से अधिक चढ़ा, जबकि निफ्टी ने एक बार फिर 14,500 का स्तर हासिल कर लिया. इस दौरान सेंसेक्स 505.13 अंक या 1.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 48,455.13 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 150.20 अंक या 1.05 प्रतिशत बढ़कर 14,509.65 पर पहुंच गया.
सेंसेक्स में तीन आईटी शेयरों- एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और टीसीएस को छोड़कर अन्य सभी शेयर मुनाफे में कारोबार कर रहे थे. इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स में 882.61 अंक या 1.81 प्रतिशत, और एनएसई निफ्टी में 258.40 अंक या 1.77 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की थी.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)