मुंबई: सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट देखने को मिली. सेंसेक्स में 413 अंक और निफ्टी में 112 अंक की गिरावट रही. सेंसेक्स 61932 पर और निफ्टी 18286 पर बंद हुआ. सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी लि. और रिलायंस इंडस्ट्रीज में बिकवाली से बाजार नीचे आया. सेंसेक्स की कंपनियों में एचडीएफसी लि., एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और मारुति प्रमुख रूप से नुकसान में रहे.
दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाइटन, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व, विप्रो, एशियन पेंट्स और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज शामिल हैं.
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट नुकसान में रहा. यूरोप के प्रमुख बाजारों में ज्यादातर में शुरुआती कारोबार में तेजी रही। अमेरिकी बाजार सोमवार को लाभ में रहे थे.
एचडीएफसी के दोनों शेयरों में गिरावट के चलते प्रमुख शेयर सूचकांकों ने मंगलवार को अपनी शुरुआती बढ़त गंवा दी और लाल निशान में आ गए थे. उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 30 शेयरों वाले बीएसई सेंसेक्स ने मजबूती के साथ कारोबार शुरू किया, लेकिन बाद में यह 146.79 अंक गिरकर 62,198.92 पर आ गया था. इसी तरह एनएसई निफ्टी 32.15 अंकों की गिरावट के साथ 18,366.70 पर था.
सेंसेक्स की कंपनियों में एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, मारुति, इंडसइंड बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल और आईटीसी को सबसे अधिक नुकसान हुआ था. दूसरी ओर बजाज फाइनेंस, इंफोसिस, बजाज फिनसर्व, विप्रो, एशियन पेंट्स और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज लाभ में रहे थे.