यह ख़बर 27 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

सेंसेक्स 86 अंक टूटकर दो सप्ताह के निचले स्तर पर

खास बातें

  • शेयर बाजार में बुधवार को दूसरे दिन भी गिरावट जारी रही और नामी शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 86 अंक टूटकर दो सप्ताह के निचले स्तर पर आ गया।
मुंबई:

शेयर बाजार में बुधवार को दूसरे दिन भी गिरावट जारी रही और कई नामी शेयरों में बिकवाली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 86 अंक टूटकर दो सप्ताह के निचले स्तर पर आ गया। रिजर्व बैंक द्वारा मुद्रास्फीति पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को नीतिगत दरें बढ़ाने के बाद सेंसेक्स 353 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था। बुधवार को यह 160 अंक तक टूटकर दिन के निचले स्तर 18,358.76 अंक पर आ गया था। हालांकि, बाद में कुछ सुधार के बावजूद सेंसेक्स 85.97 अंक नीचे 18,358.76 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 28.05 अंक की गिरावट के साथ 5,546.80 अंक पर बंद हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि रिजर्व बैंक द्वारा रेपो और रिवर्स रेपो दरें आधा आधा प्रतिशत बढ़ाए जाने के बाद निवेशकों की धारणा कमजोर रही। वहीं, अन्य एशियाई बाजारों में मिलेजुले रुख एवं यूरोपीय बाजारों के गिरावट के साथ खुलने से भी घरेलू बाजार की धारणा कमजोर रही। उन्होंने कहा कि जुलाई माह के डेरिवेटिव्ज सौदों के निपटान का गुरुवार को आखिरी दिन होने की वजह से निवेशकों द्वारा सौदे निपटाने से भी बाजार में नरमी का रुख रहा। बुधवार को हुई बिकवाली में सबसे अधिक झटका कैपिटल गुड्स, बिजली, बैंकिंग और रीयल्टी कंपनियों के शेयरों को लगा। आरआईएल, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, एसबीआई, टाटा मोटर्स और हिंडाल्को जैसे दिग्गज शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। मोतीलाल ओसवाल सिक्योरिटीज के सहायक उपाध्यक्ष पराग डॉक्टर ने कहा, निराशाजनक तिमाही नतीजों और रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दर बढ़ाने जाने से बाजार की धारणा कमजोर रही। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 20 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इनमें जेपी एसोसिएट्स 3.28 प्रतिशत, हिंडाल्को 2.67 प्रतिशत, विप्रो 1.82 प्रतिशत, आर इंफ्रा 1.78 प्रतिशत, टाटा मोटर्स 1.68 प्रतिशत, एसबीआई 1.58 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.52 प्रतिशत, एलएंडटी 1.38 प्रतिशत और आरआईएल 1.58 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ। हालांकि, मारुति सुजुकी 2.42 प्रतिशत, आरकॉम 1.58 प्रतिशत, एचडीएफसी 1.33 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.32 प्रतिशत और डीएलएफ 1.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com