खास बातें
- रिजर्व बैंक की ओर से मौद्रिक नीति में रुख नरम करने के संकेत और वैश्विक बाजारों में तेजी के रुख के बीच निवेशकों की जबरदस्त लिवाली से बांबे स्टाक एक्सचेंज का सेंसेक्स 421 अंक के उछाल के साथ बंद हुआ।
मुंबई:
रिजर्व बैंक की ओर से मौद्रिक नीति में रुख नरम करने के संकेत और वैश्विक बाजारों में तेजी के रुख के बीच निवेशकों की जबरदस्त लिवाली से बांबे स्टाक एक्सचेंज का सेंसेक्स 421 अंक के उछाल के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स में यह दो सप्ताह में सबसे बड़ी तेजी है।
पिछले सत्र में 63 अंक की बढ़त हासिल करने वाला सेंसेक्स आज और 421.44 अंक मजबूत होकर 15,939.36 अंक पर बंद हुआ। आरआईएल 2.37 प्रतिशत, जबकि इनफोसिस 2.13 प्रतिशत की मजबूत के साथ बंद हुआ।
इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 128.55 अंक मजबूत होकर 4,765.30 अंक पर बंद हुआ। इस दौरान, मेटल, कैपिटल गुड्स और बैंकिंग शेयर लिवाली के आकषर्ण का केन्द्र रहे। एशियाई बाजारों में तेजी और यूरोपीय बाजारों के मजबूती के साथ खुलने से भी घरेलू बाजार की धारणा मजबूत हुई।
विश्लेषकों ने कहा कि आरबीआई गवर्नर के बयान का बाजार पर सकारात्मक असर पड़ा। रिजर्व बैंक के गवर्नर ने एक बयान में कहा कि आर्थिक वृद्धि दर में नरमी की चिंता को देखते हुए आरबीआई उधारी दरें घटाने की संभावना तलाश रहा है।
इसके अलावा, 15 जनवरी से पात्र विदेशी निवेशकों को प्रत्यक्ष रूप से भारतीय शेयर खरीदने की अनुमति देने के सरकार के निर्णय से भी बाजार की धारणा को बल मिला।
सेंसेक्स में शामिल 30 में से 28 कंपनियों के शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि केवल महिन्द्रा एंड महिन्द्रा व हीरो मोटोकार्प का शेयर टूटकर बंद हुआ। शीर्ष चार दिग्गज कंपनियों. आरआईएल, इनफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक और एलएंडटी ने सेंसेक्स की तेजी में करीब 150 अंक का योगदान किया। तेजी दर्ज करने वाले शेयरों में टाटा स्टील 6.06 प्रतिशत, जिंदल स्टील 5.67 प्रतिशत, कोल इंडिया 4.84 प्रतिशत, स्टरलाइट 4.48 प्रतिशत, हिंडाल्को 2.85 प्रतिशत, एलएंडटी 5.04 प्रतिशत, भेल 4.86 प्रतिशत, एसबीआई 4.72 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 4.16 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक 2.80 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ।
इनके अलावा, एचडीएफसी 2.10 प्रतिशत, डीएलएफ 6.84 प्रतिशत, जेपी एसो. 3.61 प्रतिशत, आरआईएल 2.37 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.78 प्रतिशत, विप्रो 4.59 प्रतिशत, इनफोसिस 2.13 प्रतिशत, टीसीएस 1.57 प्रतिशत, भारती एयरटेल 3.78 प्रतिशत और टाटा मोटर्स 5.50 प्रतिशत मजबूत हुआ।