खास बातें
- दो कारोबारी सत्रों में तेजी के बाद उच्च स्तर पर निवेशकों की मुनाफावसूली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 57 अंक से अधिक की गिरावट के साथ खुला।
मुंबई: निवेशकों द्वारा टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स और बजाज ऑटो जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 22 अंक के नुकसान के साथ बंद हुआ।
एक समय दिन का निचला स्तर 19,520.51 अंक छूने के बाद अंत में सेंसेक्स 22.08 अंक या 0.11 फीसदी की गिरावट के साथ 19,453.92 अंक पर आ गया। पिछले दो सत्रों में सेंसेक्स में 232 अंक की बढ़त दर्ज हुई थी। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 13.20 अंक या 0.22 फीसदी के नुकसान के साथ 5,916.40 अंक पर आ गया।
ब्रोकरों ने कहा कि बाजार में हाल में आई तेजी के बाद मुनाफावसूली को लेकर बाजार में कुछ झिझक देखने को मिली। उन्होंने कहा कि यूरोपीय क्षेत्र में मजबूती से बाजार की गिरावट कुछ थम सकी। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में इंफोसिस, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा बजाज ऑटो सहित 15 के शेयरों में नुकसान रहा।
विभिन्न वर्गों के शेयर सूचकांकों में टिकाऊ उपभोक्ता कंपनियों के वर्ग में सबसे ज्यादा 0.97 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 7,723.79 अंक पर आ गया। इसी तरह वाहन वर्ग के सूचकांक में 0.76 प्रतिशत, पूंजीगत सामान में 0.72 प्रतिशत का नुकसान रहा।