यह ख़बर 25 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

सेंसेक्स में 2012 की पहली साप्ताहिक गिरावट

खास बातें

  • कच्चे तेल की कीमत बढ़ने के कारण महंगाई बढ़ने और आर्थिक विकास प्रभावित होने की आशंका के कारण निवेशकों ने इस सप्ताह मुनाफा वसूली की।
मुम्बई:

भारतीय शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों में वर्ष 2012 में पहली साप्ताहिक गिरावट दर्ज की गई। कच्चे तेल की कीमत बढ़ने के कारण महंगाई बढ़ने और आर्थिक विकास प्रभावित होने की आशंका के कारण निवेशकों ने इस सप्ताह मुनाफा वसूली की।

बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह दो फीसदी या 365.78 अंकों की गिरावट के साथ 17,923.57 पर बंद हुआ। सेंसेक्स पिछले सप्ताह शुक्रवार को 18,289.35 पर बंद हुआ था।

पिछले आठ सप्ताहों में सेंसेक्स में यह पहली साप्ताहिक गिरावट है। शुक्रवार को सेंसेक्स 154.93 अंकों की गिरावट के साथ 17,923.57 पर बंद हुआ था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक निफ्टी में भी इस सप्ताह लगभग दो फीसदी की गिरावट रही। इससे पहले लगातार सात सप्ताह निफ्टी में तेजी दर्ज की गई थी।

शुक्रवार को निफ्टी 54 अंकों की गिरावट के साथ 5,429.3 पर बंद हुआ। इस सप्ताह सेंसेक्स में आखिरी तीन कारोबारी सत्रों में गिरावट रही।

शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों में साप्ताहिक गिरावट के बाद भी इस सप्ताह विदेशी संस्थागत निवेशकों ने लिवाली का रुख जारी रखा। विदेशी निवेशकों की लिवाली के कारण इस साल शेयर बाजारों में तेजी देखी जा रही है।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शनिवार को 7.65 करोड़ डॉलर मूल्य के शेयरों की लिवाली की।

विदेशी संस्थागत निवेशकों ने इस साल अब तक 5.55 अरब डॉलर की लिवाली कर ली है। विदेशी निवेशकों ने जनवरी माह में 2.03 अरब डॉलर और फरवरी माह में 23 फरवरी तक 3.51 अरब डॉलर मूल्य के शेयरों की लिवाली की है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हालांकि इस सप्ताह कुछ अच्छी खबरें आई। अमेरिका में बेरोजगारी भत्ते के आवेदकों की संख्या इस सप्ताह चार साल के निचले स्तर पर रही साथ ही एक सर्वेक्षण में जर्मनी में कारोबारी विश्वास का स्तर पिछले सात महीने के ऊपर स्तर पर रहा।