खास बातें
- कंपनियों के तिमाही नतीजों से पहले निवेशकों द्वारा सतर्कता बरतने से शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन भी गिरावट का रुख रहा और बीएसई सेंसेक्स 26 अंक गिरकर बंद हुआ।
मुंबई: वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच कंपनियों के तिमाही नतीजों से पहले निवेशकों द्वारा सतर्कता बरतने से शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन भी गिरावट का रुख रहा और बीएसई सेंसेक्स 26 अंक गिरकर बंद हुआ।
30 शेयरों वाला सेंसेक्स 25.56 अंक की गिरावट के साथ 15,857.08 अंक पर बंद हुआ। बुधवार को सेंसेक्स 57 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था। हालांकि, आज यह कारोबार के दौरान दिन के उच्च स्तर 15,980.17 अंक पर पहुंच गया था।
वहीं दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.30 अंक की मामूली बढ़त के साथ 4,749.95 अंक पर बंद हुआ।
ब्रोकरों ने कहा कि कंपनियों द्वारा तीसरी तिमाही के नतीजों की घोषणा से पहले निवेशक सतर्कता बरत रहे हैं। अगले सप्ताह इनफोसिस तिमाही नतीजों की घोषणा कर तीसरी तिमाही परिणामों की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, निवेशक आर्थिक वृद्धि दर में नरमी को लेकर भी चिंतित हैं, भले ही खाद्य मुद्रास्फीति 24 दिसंबर को समाप्त हुए सप्ताह में घटकर ऋणात्मक 3.36 प्रतिशत पर आ गई।
वहीं, यूरो-जोन ऋण संकट को लेकर भी निवेशकों की चिंता बरकरार है। एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख रहा।