खास बातें
- अपनी ताजा रिपोर्ट में रिलायंस म्यूचुअल फंड ने कहा है कि अगले एक साल में अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाने वाले घरेलू और वैश्विक कारण घट जाएंगे।
New Delhi: भारतीय शेयर बाजार में अगले एक से डेढ़ साल के दौरान अच्छी-खासी तेजी देखने को मिलेगी और बीएसई सेंसेक्स अगस्त, 2012 तक 23,000 का स्तर पार कर सकता है। भारतीय शेयर बाजारों पर अपनी ताजा रिपोर्ट में रिलायंस म्यूचुअल फंड ने कहा है कि अगले एक साल में अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाने वाले घरेलू और वैश्विक कारण घट जाएंगे। साथ ही सरकार द्वारा आर्थिक सुधारों के लिए उठाए जाने वाले विभिन्न नीतिगत कदमों से भी कंपनियों तथा निवेशकों की धारणा में सुधार होगा। वर्तमान में मौजूद चिंताओं को छोटी अवधि का करार देते हुए रिलायंस एमएफ ने कहा है कि आगे चलकर माहौल इतना खराब नहीं रहेगा और निवेशक अगले 12 से 18 माह में बेहतर रिटर्न की उम्मीद कर सकते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनियों की आमदनी में वृद्धि के अनुमान के आधार पर कहा जा सकता है कि अगस्त, 2012 तक सेंसेक्स 23,100 अंक के स्तर पर पहुंच सकता है। अभी तक सेंसेक्स का शीर्ष स्तर 21,206.77 अंक रहा है, जो 10 जनवरी, 2008 को हासिल हुआ था। वर्तमान में सेंसेक्स 16,866.97 अंक पर चल रहा है। पिछले एक साल में सेंसेक्स में 1,900 अंक या 10 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई है।