शेयर बाज़ार धड़ाम, सेंसेक्स में 500 से ज़्यादा अंक की गिरावट, निफ्टी भी औंधे मुंह गिरा

शेयर बाज़ार धड़ाम, सेंसेक्स में 500 से ज़्यादा अंक की गिरावट, निफ्टी भी औंधे मुंह गिरा

खास बातें

  • अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर वृदि्ध के संकेतों से आई गिरावट
  • रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 67 के आंकड़े तक पहुंच गया
  • मंगलवार और बुधवार को क्रमश: 'दशहरा' और 'मुहर्रम' पर बाजार बंद रहे थे
मुंबई:

अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी के संकेतों की वजह से गुरुवार को शेयर बाज़ारों में गिरावट का जोरदार रुख रहा, और दोपहर बाद 2:20 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 500 से भी ज़्यादा अंक गिर गया, और रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 67 के आंकड़े तक पहुंच गया.

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स गुरुवार सुबह ही 265 अंक टूटकर 28,000 से नीचे आ गया था, जबकि दोपहर करीब 1:30 बजे वह 1.5 प्रतिशत टूटकर 27,641 अंक पर कारोबार कर रहा था. दरअसल, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के मिनट्स से संकेत मिलता है कि इस साल ब्याज दरों में बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके मद्देनजर निवेशकों की बिकवाली से बाजार में गिरावट का रुख बना. इसके अलावा एशियाई बाजारों के कमजोर रुख से भी यहां धारणा प्रभावित हुई.

इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी शुरआती कारोबार में 8,700 अंक के स्तर से नीचे आ गया था. दोपहर करीब डेढ़ बजे यह 1.6 प्रतिशत  टूटकर 8,568 अंक पर कारोबार कर रहा था. सोमवार को सेंसेक्स 21.20 अंक चढ़ा था. मंगलवार और बुधवार को क्रमश: 'दशहरा' और 'मुहर्रम' पर बाजार बंद थे.


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com