खास बातें
- कारोबार के दौरान सेंसेक्स 18,007.73 तक मजबूत हुआ हालांकि अंत में 39.76 अंक की गिरावट दिखाता हुआ 17,839.05 अंक पर बंद हुआ।
मुंबई: लीबिया पर सहयोगी देशों के सैन्य हमलों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और मुद्रास्फीतिक चिंताओं के चलते बंबई शेयर बाजार में गिरावट का दौर तीसरे दिन भी जारी रहा जहां सेंसेक्स 40 अंक और टूटकर बंद हुआ। वैश्विक शेयर बाजारों में हालांकि मजबूती का रख देखने को मिला है। बीएसई का 30 शेयर आधारित सेंसेक्स सुबह मजबूत खुला। कारोबार के दौरान यह 18,007.73 तक मजबूत हुआ हालांकि अंत में 39.76 अंक की गिरावट दिखाता हुआ 17,839.05 अंक पर बंद हुआ। बीते दो कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स लगभग 480 अंक टूट चुका है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 8.95 अंक की नरमी के साथ 5,364.75 अंक पर बंद हुआ। बाजार सूत्रों का कहना है कि फुकुशिमा बिजली संयंत्र को लेकर आ रही सकारात्मक खबरों से वैश्विक शेयर बाजारों को संबल मिला। हालांकि पश्चिमी देशों द्वारा लीबिया पर हवाई हमले तथा कई अन्य देशों में राजनीतिक उठापटक के समाचारों का नकारात्मक असर घरेलू बाजार में देखने को मिला।