खास बातें
- बैंकिंग, आईटी एवं ऑटो कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में गिरावट थम गई और सेंसेक्स 286 अंक उछलकर दो सप्ताह के उच्च स्तर पर बंद हुआ।
Mumbai: यूनान ऋण संकट हल करने की नई संधि को लेकर उत्साहित निवेशकों की बैंकिंग, प्रौद्योगिकी एवं वाहन कंपनियों के शेयरों में लिवाली से शेयर बाजार में जारी गिरावट शुक्रवार को थम गई और बीएसई सेंसेक्स 286 अंक उछलकर दो सप्ताह के उच्च स्तर पर बंद हुआ। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 286.11 अंक मजबूत होकर 18,722.30 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स ने यह स्तर 11 जुलाई को देखा था। पिछले दो सत्रों में सेंसेक्स 217 अंक टूट गया था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 92.35 अंक की बढ़त के साथ 5,633.95 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह दिन के उच्च स्तर 5,642.20 अंक पर पहुंच गया था। रिलायंस इंडस्ट्रीज के तिमाही नतीजे अनुमान से बेहतर रहने की उम्मीद में इसके शेयरों में लिवाली से आरआईएल 1.49 प्रतिशत मजबूत हुआ। कंपनी सोमवार को तिमाही नतीजों की घोषणा करेगी। वहीं दूसरी ओर, सेंसेक्स में रिलायंस के बाद सबसे अधिक भारांश रखने वाली इंफोसिस का शेयर 2.10 प्रतिशत मजबूत होकर बंद हुआ।