यह ख़बर 20 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

विप्रो के कमजोर नतीजों से सेंसेक्स 151 अंक टूटा

खास बातें

  • विप्रो के कमजोर नतीजों तथा ब्याज दरें बढ़ने की आशंका के बीच निवेशकों की ब्लूचिप शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 151 अंक टूटकर बंद हुआ।
मुंबई:

आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी विप्रो के उम्मीद से कमजोर तिमाही नतीजों तथा ब्याज दरें बढ़ने की आशंका के बीच निवेशकों की ब्लूचिप शेयरों में बिकवाली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 151 अंक टूटकर बंद हुआ। पिछले सत्र में 147 अंक मजबूत होने वाला सेंसेक्स बुधवार को 151.49 अंक की गिरावट के साथ 18,502.38 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 46.50 अंक गिरकर 5,567.05 अंक पर बंद हुआ। ब्रोकरों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा अगले सप्ताह मौद्रिक नीति की तिमाही समीक्षा में महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए ब्याज दरों में और वृद्धि किए जाने की आशंका है, जिससे बाजार की धारणा पर असर पड़ा। आईटी कंपनी विप्रो के पहली तिमाही के कमजोर नतीजों से भी बाजार पर असर हुआ। विप्रो का शेयर 3.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ तीन माह के निचले स्तर 398.60 रुपये पर आ गया। इसके अलावा, आरआईएल, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, हिंडाल्को, टाटा पावर और जयप्रकाश एसोसिएट्स भी टूटकर बंद हुआ। एशियाई बाजारों में बेहतर रुख तथा यूरोपीय बाजारों की मजबूत शुरुआत भी निवेशकों का मूड नहीं बदल सके। बिजली क्षेत्र के सूचकांक में सबसे अधिक 1.73 प्रतिशत की गिरावट आई। स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र का सूचकांक 1.71 प्रतिशत नीचे आ गया। ब्रोकरों ने कहा कि वित्त मंत्रालय द्वारा यह बयान दिए जाने कि मुद्रास्फीति में तेजी दिसंबर तक बनी रहेगी, इसके मद्देनजर रिजर्व बैंक प्रमुख दरें बढ़ा सकता है। जून में मुद्रास्फीति 9.44 प्रतिशत रही, जो रिजर्व बैंक के अनुमान से काफी ऊपर है। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 26 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जिसमें विप्रो को सबसे अधिक झटका लगा। अन्य शेयरों में हिंडाल्को 2.71 प्रतिशत, जेपी एसोसिएट्स 2.51 प्रतिशत, टाटा पावर 1.98 प्रतिशत, हीरो होंडा 1.90 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.83 प्रतिशत, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा 1.59 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक 1.56 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ। इनके अलावा, एसबीआई 1.56 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.55 प्रतिशत, टाटा पावर 1.55 प्रतिशत, भेल 1.28 प्रतिशत, एचडीएफसी 1.03 प्रतिशत और रिलायंस इंफ्रा 1.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com