यह ख़बर 30 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

स्टेट बैंक को सरकार से मिलेंगे 7,900 करोड़ रुपये

खास बातें

  • सरकार भारतीय स्टेट बैंक में प्रेफरेंस शेयर के बदले 7,900 करोड़ रुपये की पूंजी लगाने तैयार हो गई है जिससे बैंक को आने वाले समय में ऋण कारोबार का विस्तार करने में मदद मिलेगी।
मुंबई:

सरकार भारतीय स्टेट बैंक में प्रेफरेंस शेयर के बदले 7,900 करोड़ रुपये की पूंजी लगाने तैयार हो गई है जिससे बैंक को आने वाले समय में ऋण कारोबार का विस्तार करने में मदद मिलेगी।

बंबई शेयर बाजार को दी गई सूचना में देश के इस सबसे बड़े वाणिज्यिक बैंक ने कहा, ‘इस पूंजी के जरिये स्टेट बैंक का चुकता शेयर पूंजी आधार विस्तृत होगा। बैंक सरकार को प्रेफरेंस शेयर आवंटित करेगा। इसमें उसे प्रीमियम सहित कुल 7,900 करोड़ रुपये की पूंजी मिलेगी।’

केन्द्र सरकार ने इस संबंध में अपनी मंजूरी भेजी है। सरकार की तरफ से यह पूंजी मिलने के बाद बैंक में सरकार की भागीदारी बढ़कर 65 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। वर्तमान में बैंक में सरकार की हिस्सेदारी 59.4 प्रतिशत तक है।

सरकार की तरफ से इस पूंजी के मिलने के बाद बैंक की टीयर एक पूंजी उसकी कुल जोखिम पूंजी का आठ प्रतिशत हो जाएगी। सितंबर 2011 में बैंक की पूंजी पर्याप्तता 11.4 प्रतिशत रही थी जिसमें टीयर एक पूंजी 7.47 प्रतिशत पर थी, जबकि सरकार के तय नियमों के अनुसार यह कम से कम आठ प्रतिशत पर होनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि इस महीने के शुरु में स्टेट बैंक के चेयरमैन प्रतीप चौधरी ने कहा था कि सरकार ने 31 मार्च तक बैंक में 6,000 से 8,000 करोड़ रुपये की पूंजी डालने को मंजूरी दी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

स्टेट बैंक ने पिछले साल ही सरकार को एक प्रस्ताव सौंपा था जिसमें राइट् इश्यू के जरिये 20,000 करोड़ रुपये जुटाने का प्रस्ताव किया गया था। इससे पहले स्टेट बैंक ने वर्ष 2008 में राइट् इश्यू के जरिये 16,000 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाई थी।