नई दिल्ली: घरेलू इक्विटी में कमजोर रुख और कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती के बीच शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 6 पैसे की गिरावट के साथ 81.70 पर बंद हुआ. विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि विदेशी बाजार में कमजोर डॉलर और ताजा विदेशी पूंजी प्रवाह ने नुकसान को सीमित कर दिया. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 81.59 पर खुला और बाद में अपने सभी शुरुआती लाभ गंवा दिए.
आज के सत्र के दौरान अमेरिकी डॉलर की तुलना में रुपया 81.52 के ऊपरी स्तर पर पहुंचने के बाद 81.78 के निचले स्तर पर आ गया. वहीं, अंत में रुपया अमेरिकी करेंसी के मुकाबले 81.70 पर बंद हुआ. इस तरह देखा जाए तो 81.64 के पिछले बंद के मुकाबले रुपये में 6 पैसे की गिरावट दर्ज की गई.
वैश्विक बाजारों में मिले-जुले रुख के बीच घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 87.12 अंक या 0.14 प्रतिशत टूटकर 61,663.48 पर बंद हुआ. आज दिन के कारोबार में यह 413.17 अंक या 0.66 प्रतिशत तक गिर गया था. इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 36.25 अंक या 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18,307.65 पर बंद हुआ.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)