Click to Expand & Play
खास बातें
- वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने इस बीच कहा कि डॉलर की तुलना में रुपये की कीमत बाज़ार ही तय कर रहा है, और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ज़रूरत पड़ने पर ही दखल देगा।
नई दिल्ली: पिछले सप्ताह से ही अमेरिकी डॉलर की तुलना में लगातार गिरते रहे रुपये ने लुढ़कते-लुढ़कते मंगलवार को एक बार फिर नया रिकॉर्ड बनाया और नए रसातल में पहुंचकर अब तक के न्यूनतम स्तर 55.39 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपये के लिहाज़ से दिन का सर्वश्रेष्ठ स्तर 54.61 रुपये प्रति डॉलर रहा, जबकि निम्नतम स्तर के रूप में रुपया आज 55.47 (55.4650) तक गिरा। वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने इस बीच कहा कि डॉलर की तुलना में रुपये की कीमत बाज़ार ही तय कर रहा है, और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ज़रूरत पड़ने पर ही दखल देगा।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को रुपया तब तक के सबसे निम्न स्तर 55.03 पर बंद हुआ था, और इसके बाद रिजर्व बैंक ने बैंकों के वायदा अनुबंध के लिए ‘पोजिशन लिमिट’ पर 10 करोड़ डॉलर की सीमा तय कर दी थी, जिसकी वजह से अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में मंगलवार को डॉलर के मुकाबले घरेलू मुद्रा 17 पैसे की मजबूती के साथ 54.86 पर खुली थी।
यह पिछले पांच सत्र में लगातार पांचवां मौका है, जब रुपये ने नए न्यूनतम स्तर का रिकॉर्ड बनाया है। अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा बाजार में पिछले सप्ताह तीन बार नए निचले स्तर का रिकॉर्ड बनाने के बाद शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया पांच पैसे की मजबूती के साथ 54.42 पर बंद हुआ था।
कारोबारियों के अनुसार सोमवार को मुख्य रूप से आयातकों की डॉलर मांग बढ़ने, तथा तेल व रक्षा संबंधी डॉलर खरीद से रुपये पर काफी असर पड़ा था, और वह फिर नए न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया था।