यह ख़बर 18 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

खुदरा मुद्रास्फीति मई में बढ़कर 10.36 फीसदी हुई

खास बातें

  • सब्जी, खाद्य तेल और दूध की कीमत बढ़ने के कारण खुदरा मुद्रास्फीति मई में आंशिक रूप से बढ़कर 10.36 फीसदी हो गई।
नई दिल्ली:

सब्जी, खाद्य तेल और दूध की कीमत बढ़ने के कारण खुदरा मुद्रास्फीति मई में आंशिक रूप से बढ़कर 10.36 फीसदी हो गई।

सोमवार को नई दिल्ली में जारी सरकारी आंकड़े के मुताबिक उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित अप्रैल की मुद्रास्फीति के आंकड़े को संशोधित कर 10.26 फीसदी कर दिया गया जबकि प्रारंभिक आंकड़ों में यह 10.32 फीसदी बतायी गयी थी।

पिछले साल मई की तुलना में इस बार सब्जियों की कीमत में सबसे अधिक उछाल देखा गया और इनकी कीमतें औसतन 26.59 फीसदी ऊंची रही। आलू का भाव तो मई में साल भर पहले की तुलना में 68.10 प्रतिशत ऊंचा रहा।

सब्जियों के बाद खाद्य तेल और दूध का स्थान रहा जिनमें क्रमश: 18.21 फीसद और 13.74 फीसदी की बढ़ोतरी दिखी। अंडे, मछली और मांस की कीमतें 10.50 फीसदी बढ़ीं जबकि गैर अल्कोहल पेय 9.44 फीसद मंहगे हुए। अन्य उत्पादों में अनाज और इससे बने उत्पादों की कीमत 7.49 फीसदी बढ़ी।

चीनी की कीमत मई में 5.38 फीसदी ऊंची रही। दाल और दलहन उत्पाद भी सालाना आधार पर 7.89 फीसदी महंगे हुए। ईंधन और बिजली, कपड़ लत्ता और जूते चप्पल के वर्ग की मुद्रास्फीति दस प्रतिशत से ऊपर रही।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

संशोधित आंकड़ों के मुताबिक ग्रामीण और शहरी इलाकों में मुद्रास्फीति अप्रैल में क्रमश: 9.67 फीसदी और 11.10 फीसदी रही।