चेन्नई: फ्रांस की प्रमुख वाहन कंपनी रेनो ने बुधवार को अपनी ग्लोबल कार 'क्विड' पेश की, जिसकी कीमत देश में चार लाख रुपये तक होगी। मार्केट एंट्री लेवल की यह कार इस साल त्योहारी मौसम में भारतीय बाजार में आएगी।
करीब 3,000 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित एसयूवी के आकार की छोटी कार में 800 सीसी का पेट्रोल इंजन होगा। कंपनी भारत को इस नई कार के निर्यात का क्षेत्रीय केंद्र बनाने पर विचार कर रही है।
रेनो समूह के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी कारलोस घोस्न ने नई कार को पेश करने के बाद कहा, 'क्विड' पासा पलटने वाली कार साबित होगी और यह एंट्री लेवल की कार है, जिसकी भारतीय बाजार में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
उन्होंने कहा कि रेनो ने भारतीय बाजार में पांच प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य रखा है और नई कार की इसमें बड़ी भूमिका होगी। 'क्विड' इस वर्ग में पहले से स्थापित मारुति सुजुकी और हुंदै जैसी कंपनियों से मुकाबला करेगी।