यह ख़बर 18 मई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

रुपये की गिरावट को रोकेगा रिजर्व बैंक

खास बातें

  • देश की मुद्रा रुपया शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन डॉलर के मुकाबले रिकार्ड निचला स्तर छूने के बाद सम्भल गई। उधर भारतीय रिजर्व बैंक ने रुपये में और गिरावट को रोकने के और प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
मुम्बई/कोलकाता:

देश की मुद्रा रुपया शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन डॉलर के मुकाबले रिकार्ड निचला स्तर छूने के बाद सम्भल गई। उधर भारतीय रिजर्व बैंक ने रुपये में और गिरावट को रोकने के और प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर सुबीर गोकर्ण ने संवाददाताओं से यहां इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स (आईसीसी) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, "हम स्थिरता सुनिश्चित करना चाहते हैं। यही हमारे किए गए हस्तक्षेप और अन्य प्रशासनिक उपायों का मकसद है।"

उन्होंने कहा, "उतार-चढ़ावों को रोकना ही हमारा मकसद है।" देश की मुद्रा रुपये ने शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले 54.91 का नया निचला स्तर छुआ।

पिछले तीन दिनों में रुपये ने शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन नया निचला स्तर बनाया है। गुरुवार को इसने डॉलर के मुकाबले 54.60 का निचला स्तर बनाया था, जबकि इसके पिछले दिन इसने 54.52 का निचला स्तर बनाया था।

कारोबार सत्र के आखिरी क्षणों में हालांकि रुपया अपने निचले स्तर से उबर कर डॉलर के मुकाबले 54.42 पर बंद हुआ। गुरुवार को यह 54.47 पर बंद हुआ था।

गोकर्ण ने कहा कि रिजर्व बैंक द्वारा उठाए गए कदमों के कारण हालांकि गिरावट को थामने में कुछ मदद मिली है। उन्होंने कहा, "हमने जो भी कदम उठाए हैं, उनका रुपये की गिरावट को थामने में योगदान रहा है और यदि और भी कोई कदम उठाए जाएंगे, तो वे इसी दिशा में होंगे।"

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

गोकर्ण ने कहा कि ग्रीस में राजनीतिक अनिश्चितता का पिछले तीन दिनों से रुपये पर दबाव रहा है। रिजर्व बैंक ने पिछले कुछ दिनों में रुपये की गिराव को थामने के लिए कई कदम उठाए हैं। रुपये की गिरावट थामने के लिए पिछले कुछ सप्ताहों में रिजर्व बैंक ने कई कदम उठाए हैं। रिजर्व बैंक ने बैंकों से उनके खाते में मौजूद आधी विदेशी मुद्राएं बेच देने के लिए कहा। इसके साथ ही बैंकों द्वारा अनिवासी भारतीय के लिए ब्याज की ऊपरी सीमा भी बढ़ा दी ताकि अधिक से अधिक विदेशी पूंजी को आकर्षित किया जा सके।