यह ख़बर 29 अप्रैल, 2014 को प्रकाशित हुई थी

भारतीय मूल के राजीव सूरी को नोकिया की कमान

नई दिल्ली:

फिनलैंड की मोबाइल फोन कंपनी नोकिया ने भारतीय मूल के राजीव सूरी को आज अपना मुख्य कार्यकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। वह कंपनी के मोबाइल फोन हैंडसेट कारोबार को माइक्रोसॉफ्ट को बेचने के बाद कंपनी के कारोबार को वृद्धि की नयी राह पर ले जाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि वर्तमान में 46 वर्षीय सूरी नोकिया की नेटवर्क उपकरण इकाई ‘साल्यूशंस एंड नेटवर्क्‍स’ (एनएसएन) का नेतृत्व कर रहे हैं। वह एक मई से नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

सूरी कंपनी में स्टीफन एलॉप की जगह लेंगे जो माइक्रोसॉफ्ट में उपाध्यक्ष के पद पर लौट गए हैं। गौरतलब है कि कंपनी ने अपना हैंडसेट कारोबार 7.2 अरब डॉलर में साफ्टवेयर क्षेत्र की दिग्ग्ज अमेरिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट को बेच दिया है।

सूरी को मुख्य कार्यकारी बना कर नोकिया फिर से वायरलेस-नेटवर्क उपकरण के कारोबार पर ध्यान देने जा रही है। इस क्षेत्र में उसे एरिक्सन व चीन की हुआवेई से प्रतिस्पर्धा मिल रही है।

कंपनी की घाटे में चल रही नेटवर्क उपकरण इकाई को मुनाफे में लाने का श्रेय सूरी को जाता है, जिन्होंने लागत में कटौती कर एवं गैर-मुनाफे वाले कारोबारों को हटाकर यह काम किया। वह 1995 से नोकिया में हैं और पिछले चार साल से एनएसएन के प्रमुख रहे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

माइक्रोसॉफ्ट के नव-नियुक्त मुख्य कार्यकारी सत्य नदेला की तरह सूरी भी मंगलोर विश्वविद्यालय के स्नातक हैं। वह अब वैश्विक कंपनियों को प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीयों की जमात में शामिल हो गए हैं, जिनमें पेप्सीको की अध्यक्ष इंदिरा नूयी, रेकिट बेकिंजर के मुख्य कार्यकारी राकेश कपूर, मास्टरकार्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अजय बंगा और ड्यूश बैंक के अंशु जैन शामिल हैं।