यह ख़बर 27 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

कालेधन की वापसी के लिए हमारा प्रयास जारी : मुखर्जी

खास बातें

  • प्रणब मुखर्जी ने बुधवार को कहा कि विदेशी बैंकों में अवैध रूप से जमा भारतीय पैसे को वापस लाने के लिए सरकार हर सम्भव कदम उठा रही है।
New Delhi:

केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने बुधवार को कहा कि विदेशी बैंकों में अवैध रूप से जमा भारतीय पैसे को वापस लाने के लिए सरकार हर सम्भव कदम उठा रही है। इस सिलसिले में 97 देशों के साथ बातचीत हुई है। यहां संवाददाताओं से बातचीत में मुखर्जी ने कहा कि कालेधन को देश लाने के लिए सरकार लगातार कोशिश कर रही है। इस बारे में हमें दो तरीकों से वैध सूचनाएं प्राप्त हो सकती है। सरकार दोनों विकल्पों पर ध्यान दे रही है। एक तरीका तो दोहरे कराधान से बचने के लिए विभिन्न देशों के साथ द्विपक्षीय संधि है। दूसरा तरीका इन मुद्दों को लेकर दूसरे देशों के साथ विभिन्न मंचों के जरिये सूचना साझा करना है। उनके अनुसार, काले धन के मुद्दे पर अब तक 97 देशों से बातचीत हो चुकी है। इनमें से 75 के साथ दोहरे कराधान से बचने के लिए समझौते और 22 से कर सम्बंधी सूचना साझा करने को लेकर बातचीत शुरू की गई है। इनमें 58 देशों के साथ बातचीत पूरी हो चुकी है, जबकि 29 के साथ वार्ता जारी है। सरकार ने इस दिशा में 16 समझौते भी किए हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com