खास बातें
- वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी को विकास के लिए विभिन्न देशों को सस्ता कर्ज देने वाले बहुपक्षीय वित्तीय संगठन एशियाई विकास बैंक यानी एडीबी के निदेशक मंडल का अध्यक्ष चुना गया है।
मनीला: वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी को विकास के लिए विभिन्न देशों को सस्ता कर्ज देने वाले बहुपक्षीय वित्तीय संगठन एशियाई विकास बैंक यानी एडीबी के निदेशक मंडल का अध्यक्ष चुना गया है। एडीबी का मुख्यालय मनीला में है। एडीबी की 45वीं वार्षिक आम सभा में भारत को गौरवान्वित करने वाले एक अन्य निर्णय के तहत इसका 46वां वार्षिक सम्मेलन अगले वर्ष दिल्ली में कराने की घोषणा की गई।
वित्तमंत्री ने एडीबी के निदेशक मंडल की अध्यक्षता का दायित्व स्वीकार करते हुए बैठक के समापन सत्र में कहा कि भारत को अध्यक्षता स्वीकार कर बहुत खुशी है। भारत 1966 में एडीबी का संस्थापक सदस्य था, पर इस संस्था ने उसके दो दशक बाद भारत को ऋण सहायता देनी शुरू की।
मुखर्जी ने भारत के साथ एडीबी के सहयोग के बारे में कहा, कि यह 25 सालों की साझेदारी उत्साहजनक और चुनौतीपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि वह गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
एडीबी के सचिव राबर्ट डाउसन ने बताया कि एडीबी भारत को 2012-14 की तीन साल की अवधि में समावेशी और पर्यावरणीय सुरक्षा के साथ विकास की योजनाओं के संचालन के लिए कुल 6.24 अरब डॉलर का ऋण देने वाला है। यह ऋण परिवहन, ऊर्जा, शहरी विकास, कृषि एवं प्राकृतिक संसाधन प्रबंध, वित्त तथा शिक्षा के लिए होगा।