यह ख़बर 04 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

प्रणब मुखर्जी 17 सितंबर को करेंगे बैंकरों की बैठक

खास बातें

  • वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी 17 सितंबर को पश्चिमी एवं मध्य क्षेत्र के मुख्यमंत्रियों एवं सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के प्रमुखों के साथ एक बैठक करेंगे।
New Delhi:

आर्थिक मंदी की चिंताओं के बीच वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी मुंबई में 17 सितंबर को पश्चिमी एवं मध्य क्षेत्र के मुख्यमंत्रियों एवं सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के प्रमुखों के साथ एक बैठक करेंगे और ऋण उठाव एवं कृषि क्षेत्र को ऋण से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि बैठक में केंद्र द्वारा प्रायोजित योजनाओं, राज्यवार कृषि क्षेत्र को ऋण आवंटन, ऋण-जमा अनुपात एवं समाज के कमजोर तबके को ऋण योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी बीमा योजना और पेंशन योजना स्वावलंबन की प्रगति की भी बैठक में समीक्षा की जाएगी। ये दोनों योजनाएं संप्रग सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में से एक है। अधिकारियों ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून (मनरेगा) के तहत भुगतान और अल्पकालिक सहकारिता ऋण को बहाल करने पर भी चर्चा किए जाने की उम्मीद है। बैठक में महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे। दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव के प्रमुखों को भी बैठक में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com