खास बातें
- तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 95 पैसे (बिना टैक्स के) की कटौती का ऐलान किया है। नई दरें आधी रात से लागू हो गई हैं।
नई दिल्ली: तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम 95 पैसे प्रति लीटर घटा दिए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम घटने बाद यह कटौती की गई। अक्टूबर के बाद पेट्रोल के दाम में यह दूसरी कटौती है। यह गुरुवार को मध्यरात्रि से प्रभावी हो गई।
पेट्रोल का दाम फिलहाल दिल्ली में 68.19 रुपये लीटर है। कल से यह घटकर 67.24 रुपये प्रति लीटर रह जाएगा। हालांकि, स्थानीय बिक्रीकर अथवा वैट की दरें अलग होने की वजह से विभिन्न शहरों में दाम अलग-अलग होगा।
इससे पहले 9 अक्टूबर को पेट्रोल के दाम में 56 पैसे प्रति लीटर की कटौती की गई थी। उसके बाद सरकार द्वारा पेट्रोल पंप डीलरों का कमीशन बढ़ाने के फैसले से दाम 29 पैसे प्रति लीटर बढ़े थे।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘फिलहाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल के दाम कमोबेश स्थिर हैं।’’ मुंबई में पेट्रोल का दाम 1.20 रुपये प्रति लीटर घटकर 73.53 रुपये लीटर रह गया है। वहीं चेन्नई में कल से पेट्रोल 71.77 रुपये से घटकर 70.57 रुपये लीटर रह जाएगा। कोलकाता में दाम 1.19 रुपये घटकर 74.55 रुपये प्रति लीटर रह जाएगा।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने कहा कि फिलहाल रुपये डॉलर की विनिमय दरों में काफी उतार-चढ़ाव है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत तथा विनिमय दरों पर नजदीकी से निगाह रखी जा रही है और भविष्य में कीमतों में किसी प्रकार के संशोधन पर इसका असर दिखाई देगा।