यह ख़बर 25 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

ओमेक्स ने 80 हजार करोड़ की आवास परियोजना रद्द की

खास बातें

  • ओमेक्स ने 80 हजार करोड़ रुपये की सस्ती आवास परियोजना रद्द कर दी है। कंपनी की पांच साल में देश में 10 लाख आवास बनाने की योजना थी।
New Delhi:

जमीन-जायदाद के विकास से जुड़ी कंपनी ओमेक्स ने कहा है कि उसने 80 हजार करोड़ रुपये की सस्ती आवास परियोजना रद्द कर दी है। इसके तहत कंपनी की अगले पांच साल में देश भर में 10 लाख आवास बनाने की योजना थी। ओमेक्स के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक रोहतास गोयल ने कहा कि 2008 की मंदी ने सभी डेवलपरों को प्रभावित किया, इसलिए परियोजना शुरू नहीं हो सकी। हमने कुछ जगहों पर कुछ घर बनाने की कोशिश की...अब यह परियोजना रद्द हो गई है। मई, 2008 में कंपनी ने कम आय वर्ग के उपभोक्ताओं के लिए दूसरे और तीसरे दर्जे के शहरों में पांच साल के दौरान तीन से 15 लाख तक के 10 लाख घर बनाने की विस्तृत परियोजना की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी स्थित कंपनी ने कम कीमत पर घर बनाने के संबंध में जमीन के अधिग्रहण के लिए गुजरात और महाराष्ट्र के किसानों से गठजोड़ किया था। गोयल ने कहा, हालांकि इसे अंतिम स्वरूप नहीं दिया जा सका। उन्होंने हालांकि यह बताने से इनकार किया कि कंपनी ने इस परियोजना को शुरू करने के लिए पैसा लगाया था या नहीं। 2008-09 के वैश्विक वित्तीय संकट ने रीयल्टी क्षेत्र को बुरी तरह प्रभावित किया और मौजूदा आर्थिक माहौल में फिर से ऐसा ही होने की आशंका है। इससे पहले ओमेक्स ने कम कीमत वाली आवास परियोजना के लिए एक सहयोगी कंपनी नेशनल अफोर्डेबल हाउसिंग एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड बनाई थी और इसने विज्ञापन जारी किए जाने के अलावा अंतरराष्ट्रीय डिजाइन प्रतियोगिता भी शुरू की थी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com