यह ख़बर 20 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

दिसंबर तक नहीं मिलेगी महंगाई से राहत

खास बातें

  • आम आदमी को छह माह तक महंगाई से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। सरकार ने कहा कि महंगाई दर दिसंबर तक 9% के ऊंचे स्तर पर बनी रहेगी।
New Delhi:

आम आदमी को कम से कम छह माह तक महंगाई से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। सरकार ने बुधवार को कहा कि महंगाई की दर दिसंबर तक 9 प्रतिशत के ऊंचे स्तर पर बनी रहेगी। फिलहाल मुद्रास्फीति 9 प्रतिशत से ऊपर चल रही है। वित्त मंत्रालय के एक नोट में कहा गया है, इस साल के अंतिम महीने में ही महंगाई का आंकड़ा नीचे आने की उम्मीद है। अगस्त-दिसंबर, 2011 के दौरान महंगाई की दर कमोबेश उच्च स्तर पर बनी रहेगी। जून में मुद्रास्फीति 9.44 प्रतिशत के स्तर पर थी, यह भारतीय रिजर्व बैंक के 5-6 प्रतिशत के संतोषजनक स्तर से कहीं ऊंची है। नोट में कहा गया है कि वर्तमान में महंगाई की वजह मौसमी प्रभाव तथा कच्चे तेल और विनिर्मित उत्पादों के दामों में तेजी है। सरकार ने कहा है कि वह भारतीय रिजर्व बैंक के साथ मिलकर महंगाई को संतोषजनक स्तर पर लाने के लिए काम कर रही है। हालांकि, महंगाई के बोझ को झेलने के बारे में कोई परिभाषा नहीं है, हम निकट भविष्य में महंगाई की दर को 6 से 6.5 प्रतिशत के स्तर पर लाना चाहते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक महंगाई पर अंकुश के लिए नीतिगत दरों में मार्च, 2010 के बाद से 10 बार बढ़ोतरी कर चुका है। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि केंद्रीय बैंक 26 जुलाई को मौद्रिक नीति की तिमाही समीक्षा में दरों में एक और वृद्धि कर सकता है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com