यह ख़बर 27 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

पहली तिमाही में 5.1 प्रतिशत रहेगी वृद्धि दर : मूडीज

नई दिल्ली:

रेटिंग एजेंसी मूडीज का अनुमान है कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के दौरान देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 5.1 प्रतिशत रहेगी। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में वृद्धि दर 4.7 प्रतिशत रही थी।

मूडीज एनालिटिक्स की रिपोर्ट में कहा गया है, 2014 की दूसरी तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार बढ़ने का अनुमान है। हम 5.1 फीसदी की वृद्धि दर की उम्मीद कर रहे हैं। अर्थव्यवस्था के ज्यादातर हिस्सों में सुधार हो रहा है। पूंजीगत खर्च आश्चर्यजनक रूप से ऊपर की ओर रह सकता है। 2013-14 की पहली तिमाही में देश की अर्थव्यवस्था 4.7 फीसदी की दर से बढ़ी थी। पूरे वित्त वर्ष की वृद्धि दर भी 4.7 प्रतिशत रही थी। कई साल के बाद 2012-13 व 2013-14 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 5 प्रतिशत से कम रही है। जून तिमाही के वृद्धि दर के आधिकारिक आंकड़े शुक्रवार को जारी किए जाएंगे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2016 तक हम भारतीय अर्थव्यवस्था की क्षमता के अनुरूप वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं। देश के नए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिल्कुल उचित समय पर पद संभाला है। मूडीज का मानना है कि कुछ मामूली आर्थिक सुधारों के साथ वृद्धि दर सात प्रतिशत पर पहुंच सकती है।