खास बातें
- योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह आहलूवालिया ने कहा कि अगले एकाध रोज में बाजार में स्थिरता आ जाएगी।
नई दिल्ली: योजना आयोग ने कहा है कि अमेरिकी की ऋण साख घटाने के बाद सोमवार को शेयर बाजारों की नकारात्मक प्रतिक्रिया उम्मीद के अनुरूप है। योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह आहलूवालिया ने कहा कि अगले एकाध रोज में बाजार में स्थिरता आ जाएगी। आहलूवालिया ने कहा, मुझे बाजार की नकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद थी। पर बाजार ठीक हो जाएगा। संभवत: एकाध दिन में। योजना आयोग के उपाध्यक्ष ने कहा कि वह भारत और अन्य एशियाई बाजारों में दो प्रतिशत को बड़ी गिरावट नहीं मानते। उन्होंने एक टीवी चैनल ने कहा, अमेरिका की ऋण साख घटना आश्चर्यजनक नहीं है। बाजार इस बात को जानता था। अमेरिका को खुद इसका पता था। आहलूवालिया ने कहा कि मुद्रा बाजार में कुछ संकट है, पर निवेशक उसे नहीं देख रहे हैं। वे यह देख रहे हैं कि क्या मुद्रा बाजार उचित तरीके से प्रबंधित है। अमेरिका को 1917 में रेटिंग दी गई थी। उसके बाद से पहली बार उसकी साख घटाई गई है। आहलूवालिया ने कहा कि यह रेटिंग एजेंसी का फैसला है, पर इसके बावजूद महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। उन्होंने कहा कि सभी औद्योगीकृत राष्ट्रों में समस्या है और विश्व अर्थव्यवस्था छह माह पहले की तुलना में निश्चित रूप से कमजोर नजर आ रही है। आहलूवालिया ने कहा, यदि शेष विश्व की रफ्तार घटती है, तो इसका असर हम पर भी पड़ेगा। सिर्फ एक राहत की बात है कि जिंस बाजारों पर असर नहीं पड़ा है। योजना आयोग के उपाध्यक्ष ने कहा, सामान्य तौर पर मेरा मानना है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था को गड़बड़ाने वाली कोई भी खबर बुरी होती है।