यह ख़बर 18 जुलाई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

माइक्रोसॉफ्ट 18,000 कर्मचारियों की छंटनी करेगी

न्यूयॉर्क:

प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने अब तक की सबसे बड़ी छंटनी की घोषणा की योजना बनाई है, जिसके तहत विश्व भर में 18,000 कर्मचारी कम किए जाएंगे। यह कंपनी के 39 वर्ष के इतिहास में सबसे बड़ी छंटनी है।

कंपनी ने अगली चार तिमाहियों में एकबारगी 1.6 अरब डॉलर की कर पूर्व लागत का अनुमान लगाया है, जिसमें 80 करोड़ डॉलर हटाए जाने वाले कर्मचारियों को दिए जाने वाले लाभ की लागत और 35 से 80 करोड़ रुपये तक परिसम्पत्ति संबंधी चार्ज हैं।

यह भारतीय मूल के कार्यकारी सत्या नडेला के पदभार ग्रहण के बाद से कर्मचारियों की छंटनी का पहला मौका होगा। उन्होंने अपने एक ई-मेल में इस निर्णय को 'कठिन पर आवश्यक' बताया है।

अमेरिका में रेडमांड मुख्यालय वाली इस कंपनी ने कहा है कि उसने नोकिया डिवाइसेंज एंड सर्विसेज से ही 12,500 लोगों को निकालने की योजना बनाई है। 31 जून, 2013 की स्थिति के अनुसार माइक्रोसॉफ्ट में 99,000 लोग काम करते थे। इनमें 58,000 अमेरिका और बाकी दूसरे देशों में थे। इसमें नोकिया के 7.2 अरब डॉलर के अधिग्रहण के बाद जुड़े कर्मचारी शामिल नहीं है। नडेला ने पिछले सप्ताह कर्मचारियों के लिए जारी चिट्ठी में सांगठनिक बदलाव का संकेत दिया था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com