विज्ञापन

रामानंद सागर के रामायण में 'लक्ष्मण' के रोल के लिए सुनील लहरी नहीं थे पहली पसंद, इस एक्टर के इनकार के बाद मिला रोल

कहा जाता है कि अभिनेता लक्ष्मण के किरदार के लिए ऑडिशन देने नहीं आए थे.अभिनेता ने कपिल शर्मा के शो में लक्ष्मण के चयन को लेकर खुलासा किया था कि वे शत्रुघ्न के किरदार के लिए ऑडिशन देने आए थे.

रामानंद सागर के रामायण में 'लक्ष्मण' के रोल के लिए सुनील लहरी नहीं थे पहली पसंद, इस एक्टर के इनकार के बाद मिला रोल
'लक्ष्मण' के रोल के लिए सुनील लहरी नहीं थे पहली पसंद
नई दिल्ली:

रामायण के लोकप्रिय पात्र लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी अक्सर फैंस के लिए खास संदेश शेयर करते रहते हैं. शनिवार को भी उन्होंने कुछ ऐसा करते हुए एक खास वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर की. इस वीडियो के जरिए उन्होंने जीवन के महत्वपूर्ण सबक पर गहरे विचार व्यक्त किए. उन्होंने आत्म-सम्मान को अपनाने और अहंकार से दूर रहने की सलाह दी. सुनील कहते हैं, "जीवन में जब भी हम कोई बड़ी सफलता हासिल करते हैं, तो हमें उसका स्वाभिमान करना चाहिए. कभी अभिमान नहीं करना चाहिए, क्योंकि स्वाभिमान हमें गौरव देता है, नम्रता सिखाता है और बहुत ऊंचाइयों तक ले जाता है. वहीं, अभिमान हमारे अंदर घमंड और अहंकार लाता है, जो धीरे-धीरे हमें पतन की ओर ले जाता है. इसलिए स्वाभिमान को अपनाइए और अभिमान को दूर रखिए। खुश रहिए, मस्त रहिए और स्वस्थ रहिए. जय श्री राम."

सुनील ने वीडियो के साथ लिखा, "स्वाभिमान और अभिमान सुनने में बहुत समान लगते हैं, पर एक-दूसरे से बिल्कुल विपरीत हैं, जैसे काला और सफेद. स्वाभिमान को अपनाइए, अभिमान नहीं." सुनील लहरी, जो रामानंद सागर के मशहूर धारावाहिक 'रामायण' में लक्ष्मण के किरदार से दर्शकों के दिलों में बस गए, वह आज भी अपने संदेशों से लोगों को प्रेरित करते हैं. फैंस उनके इस वीडियो को काफी पसंद कर रहे हैं. मध्य प्रदेश के दमोह के रहने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने अपने करियर की शुरुआत 'द नक्सलाइट' से की थी. इसके बाद उन्होंने 'बहारों की मंजिल' और 'फिर आई बरसात' जैसी फिल्मों में काम किया था. हालांकि, बाद में रामानंद सागर की 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाकर उन्होंने काफी लोकप्रियता हासिल की थी, जिसके लिए उन्हें काफी सराहना मिली थी.

कहा जाता है कि अभिनेता लक्ष्मण के किरदार के लिए ऑडिशन देने नहीं आए थे.अभिनेता ने कपिल शर्मा के शो में लक्ष्मण के चयन को लेकर खुलासा किया था कि वे शत्रुघ्न के किरदार के लिए ऑडिशन देने आए थे और उनका चयन भी हो गया था और लक्ष्मण के लिए शशि पुरी का चयन किया गया था, लेकिन कुछ समस्याओं की वजह से शशि पुरी ने रोल छोड़ दिया था, जिसके बाद रामानंद सागर ने सुनील को देखकर कहा कि वह लक्ष्मण का किरदार निभाएं, जिसके बाद सुनील को यह रोल मिला था.
 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sunil Lahri, Sunil Lahri Aka Laxaman, Sunil Lahri Aka Lakshman, Sunil Lahri Aka Laxman, Sunil Lahri Arun Govil
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com