खास बातें
- मई माह के दौरान विदेशी प्रत्यक्ष निवेश में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई। 111 प्रतिशत की वृद्धि के साथ यह 4.66 अरब डॉलर रहा।
नई दिल्ली: मई माह के दौरान विदेशी प्रत्यक्ष निवेश में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई। 111 प्रतिशत की वृद्धि के साथ यह 4.66 अरब डॉलर रहा। विदेशी प्रत्यक्ष निवेश में पिछले 11 साल में यह दूसरी सबसे बड़ी मासिक वृद्धि है। मौजूदा वित्त वर्ष के पहले दो महीने में कुल विदेशी प्रत्यक्ष निवेश 7.78 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल 4.39 अरब डॉलर था। यानी पिछले एक साल में इसमें 77 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बड़े पैमाने पर निवेश से उत्साहित सरकार ने इससे सम्बंधित नियमों को और उदार बनाने की बात कही है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "विदेशी प्रत्यक्ष निवेश नीति को अधिक उदार और निवेशकों के अनुकूल बनाने के लिए लगातार कोशिश की जा रही है। यही वजह है कि पिछले कुछ दिनों में नीति का सरलीकरण किया गया है।" बयान में हाल के निवेश को सकारात्मक संकेत बताया गया है।