खास बातें
- अमेरिका तथा यूरोप जैसे पश्चिमी बाजारों में मांग बढ़ने से देश का निर्यात मई महीने में 56.9 प्रतिशत बढ़कर 25.9 अरब डॉलर रहा।
New Delhi: अमेरिका तथा यूरोप जैसे पश्चिमी बाजारों में मांग बढ़ने से देश का निर्यात मई महीने में 56.9 प्रतिशत बढ़कर 25.9 अरब डॉलर रहा। वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार आलोच्य महीने में आयात 54.08 प्रतिशत बढ़कर 40.9 अरब डॉलर रहा। इस प्रकार, व्यापार घाटा मई महीने में 14.9 अरब डॉलर रहा। इससे पहले, वाणिज्य सचिव राहुल खुल्लर ने कहा, कि पिछले चार साल में आयात का यह सर्वाधिक आंकड़ा है। इस साल मई में कच्चे तेल का आयात मई महीने में 18.57 प्रतिशत बढ़कर 10.1 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल इसी महीने में 8.5 अरब डॉलर था। गैर-तेल वस्तुओं का आयात आलोच्य महीने में 71 प्रतिशत बढ़कर 30.7 अरब डॉलर रहा, जो इससे पूर्व वर्ष के समान महीने में 17.9 अरब डॉलर था। अप्रैल-मई के दौरान निर्यात 45.28 प्रतिशत बढ़कर 49.7 अरब डॉलर रहा, जबकि आयात 33.3 प्रतिशत बढ़कर 73.7 अरब डॉलर रहा। चालू वित्तवर्ष के पहले दो महीनों में व्यापार घाटा 23.9 अरब डॉलर रहा। वित्तवर्ष 2010-11 के दौरान देश का निर्यात 246 अरब डॉलर रहा, जो इससे पिछले वित्तवर्ष के मुकाबले 37.55 प्रतिशत अधिक है। वित्तवर्ष 2010-11 में आयात 350 अरब डॉलर रहा। व्यापार घाटा 104 अरब डॉलर रहा।