यह ख़बर 17 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

मारुति के मानेसर में उत्पादन आंशिक तौर पर बहाल

खास बातें

  • मारुति के मानेसर संयंत्र में हड़ताल ग्यारहवें दिन में प्रवेश कर गई, लेकिन कंपनी ने कहा कि उसने संयंत्र में उत्पादन आंशिक तौर पर बहाल कर दिया है।
नई दिल्ली:

मारुति सुजुकी इंडिया के मानेसर संयंत्र में हड़ताल सोमवार को ग्यारहवें दिन में प्रवेश कर गई, लेकिन कंपनी ने कहा कि उसने संयंत्र में उत्पादन आंशिक तौर पर बहाल कर दिया है। कर्मचारी संयंत्र परिसर से बाहर हड़ताल कर रहे हैं। कंपनी ने यह भी कहा कि गुड़गांव में उसके मुख्य संयंत्र में पिछले सप्ताह दो दिन उत्पादन बंद रखने के बाद परिचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है। सुजुकी पावरट्रेन इंडिया से कल.पुजरें की आपूर्ति बाधित होने की वजह से कंपनी ने यह संयंत्र बंद किया था। इस बीच, हरियाणा के श्रम विभाग ने कंपनी प्रबंधन और मारुति सुजुकी, सुजुकी पावरट्रेन एवं सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया के हड़ताली कर्मचारियों की आज एक बैठक बुलाई है जिससे समाधान निकाला जा सके। कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा, कंपनी के मानेसर संयंत्र में सीमित संख्या में वाहनों का उत्पादन शुरू हो गया है। शुरुआत में, वेल्ड शॉप में परिचालन शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी ने मानेसर संयंत्र में उन प्रशिक्षित कर्मचारियों के साथ परिचालन दोबारा शुरू किया जिन्होंने हड़ताल में शामिल होने से इनकार कर दिया था। गुड़गांव संयंत्र में भी परिचालन सामान्य तौर पर शुरू हो गया है। हालांकि, इस संयंत्र में उत्पादन सुजुकी पावरट्रेन से डीजल इंजनों एवं ट्रांसमिशन की आपूर्ति पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि मारुति.800, ओमिनी, इको और जिप्सी जैसे माडल के विनिर्माण के लिए कंपनी सुजुकी पावरट्रेन से कल.पुर्जे की आपूर्ति पर निर्भर नहीं है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com