खास बातें
- 'स्टिंगरे' में 998 सीसी का पेट्रोल इंजन है और इसके तीन संस्करण हैं, जो 4,10,000 रुपये से लेकर 4,67,000 रुपये के बीच उपलब्ध हैं।
नई दिल्ली: कार निर्माता मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने नरमी के असर से उबरने के लिए एक कॉम्पैक्ट कार 'स्टिंगरे' पेश की है, जिसकी दिल्ली में कीमत 4,10,000 रुपये है।
एमएसआई के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी केनिचि आयुकावा ने संवाददाताओं से कहा, 'स्टिंगरे' के साथ हम अपने सबसे अधिक बिकने वाले खंड को और आकर्षक बनाने पर ध्यान दे रहे हैं। 'स्टिंगरे' में 998 सीसी का पेट्रोल इंजन है और इसके तीन संस्करण हैं, जो 4,10,000 रुपये से लेकर 4,67,000 रुपये के बीच उपलब्ध हैं।
जुलाई में मारुति की कार बिक्री 10.88 प्रतिशत बढ़कर 63,040 इकाई हो गई। भारत में कारों की कुल बिक्री जुलाई में लगातार नौवें महीने गिरी। जुलाई में गिरावट 7.4 प्रतिशत रही। वाहन कंपनियों के मंच सियाम के ताजा आंकड़ों के मुताबिक जुलाई में घरेलू बाजार में कारों की बिक्री घटकर 1,31,163 इकाई रही, जो 2012 के इसी महीने में 1,41,646 इकाई थी।