यह ख़बर 01 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

कर्मचारियों की हड़ताल से मारुति-सुजुकी की बिक्री घटी

खास बातें

  • मारुति-सुजुकी ने कहा कि मानेसर स्थित कारखाने में कर्मचारियों की हड़ताल के कारण अगस्त महीने में उसकी कुल बिक्री में 12.7% की गिरावट आई है।
नई दिल्ली:

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कम्पनी मारुति-सुजुकी ने कहा कि मानेसर स्थित कारखाने में कर्मचारियों की हड़ताल के कारण अगस्त महीने में उसकी कुल बिक्री में 12.7 फीसदी की गिरावट आई है। कम्पनी ने अगस्त में कुल 91,442 वाहन बेचे, जिसमें 14,356 वाहन निर्यात किए गए। वर्ष 2010 के अगस्त महीने में कम्पनी ने 1,04,791 वाहन बेचे थे। मारुति-सुजुकी के मानेसर स्थित कारखाने में जून माह से ही श्रमिकों के मुद्दों पर अव्यवस्था कायम है। जून में इस कारखाने में 2,000 कर्मचारियों की 13 दिनों की हड़ताल रही थी, जिसके कारण उस महीने 12,600 कारों का कम उत्पादन हुआ था। हड़ताल 17 जून को समाप्त हुई थी। मारुति सुजुकी ने मासिक बयान में कहा, "कम्पनी के मानेसर कारखाने में पैदा हुई समस्या का अगस्त महीने की बिक्री पर नकारात्मक असर पड़ा। स्विफ्ट, एसएक्स4 और ए-स्टार का उत्पादन मानेसर कारखाने में होता है।" कम्पनी की छोटी कारों की श्रेणी में इस महीने 26.9 फीसदी की गिरावट के साथ 16,043 कारों की बिक्री हुई। इस श्रेणी में कम्पनी की स्विफ्ट, एस्टिलो और रिट्ज कारें आती हैं। ऑल्टो, ए-स्टार और वैगन आर कारों वाली श्रेणी में 18.3 फीसदी की गिरावट के साथ 14,356 कारों की बिक्री हुई। कम्पनी ने कहा है कि उसके निर्यात में हालांकि वृद्धि दर्ज की गई है। अगस्त में कम्पनी ने 18.5 फीसदी वृद्धि के साथ कुल 14,356 गाड़ियां निर्यात कीं। मार्च से अगस्त महीने की अवधि में 8.3 फीसदी गिरावट के साथ कम्पनी की कुल 4,48,268 कारों की बिक्री हुई। इस अवधि में घरेलू बिक्री में 7.4 फीसदी और निर्यात में 14.7 फीसदी की गिरावट रही।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com