यह ख़बर 10 नवंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

अगले सप्ताह आर्थिक आंकड़ों से प्रभावित हो सकता है बाजार

खास बातें

  • देश के शेयर बाजार अगले सप्ताह महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों के प्रभाव में रह सकते हैं। सरकार अगले सप्ताह औद्योगिक उत्पादन और थोक मूल्य पर आधारित महंगाई से सम्बंधित आंकड़े जारी करेगी।
मुम्बई:

देश के शेयर बाजार अगले सप्ताह महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों के प्रभाव में रह सकते हैं। सरकार अगले सप्ताह औद्योगिक उत्पादन और थोक मूल्य पर आधारित महंगाई से सम्बंधित आंकड़े जारी करेगी।

मंगलवार को लक्ष्मी पूजा और बुधवार को दीवाली के मौके पर भारतीय शेयर बाजार बंद रहेंगे, हालांकि मंगलवार को अपराह्न् वेला में सवा घंटे का मुहूर्त कारोबार आयोजित किया जाएगा। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज दोनों में मुहूर्त कारोबार मंगलवार को अपराह्न 3.45 बजे शुरू होगा और पांच बजे शाम में खत्म होगा।

देश में सोमवार से 2जी स्पेक्ट्रम की नीलामी भी शुरू होने वाली है।

अगले सप्ताह भी कई कम्पनियां अपने कारोबारी परिणाम प्रकाशित करेंगी। सोमवार को डीएलएफ, भूषण स्टील, जीएमआर इंफ्रा, जयप्रकाश एसोसिएट्स और प्रीतीश नंदी कम्युनिकेशंस जैसी कम्पनियां अपने परिणाम प्रकाशित करेंगी। मंगलवार को धनलक्ष्मी बैंक और क्वालिटी डेयरी जैसी कम्पनियों के परिणाम प्रकाशित होंगे।

केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय सोमवार को सितम्बर 2012 के लिए औद्योगिक उत्पादन सम्बंधी आंकड़े जारी करेगा। अगस्त महीने में देश के औद्योगिक उत्पादन में 2.7 फीसदी वृद्धि हुई थी। केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय बुधवार को थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित महंगाई दर जारी करेगी। सितम्बर महीने में महंगाई दर 7.81 फीसदी रही थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

विजय माल्या की कम्पनी युनाइटेड स्पिरिट में दुनिया की सबसे बड़ी शराब निर्माता कम्पनी डिएजियो द्वारा हिस्सेदारी खरीदने की खबर के कारण युनाइटेड स्पिरिट के शेयरों की चाल पर निवेशकों की नजर रहेगी। माल्या की ही एक अन्य विमानन कम्पनी किंगफिशर पर भी निवेशकों की नजर गड़ सकती है, क्योंकि कम्पनी की माली हालत खराब है और माल्या से इसके लिए धन जुटाने की उम्मीद की जा रही है।