यह ख़बर 27 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

मजबूत वैश्विक रुख से सेंसेक्स 473 अंक चढ़ा

खास बातें

  • बाजार में पिछले चार दिन से जारी गिरावट पर विराम लग गया। मजबूत वैश्विक रुख तथा एसटीटी में कटौती प्रस्ताव से सेंसेक्स 473 अंक चढ़ा।
मुंबई:

बाजार में पिछले चार दिन से जारी गिरावट पर विराम लग गया। मजबूत वैश्विक रुख तथा प्रतिभूति सौदा कर (एसटीटी) में कटौती के प्रस्ताव से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 473 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। 30 प्रमुख शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 472.93 अंक की तेजी के साथ 16,524.03 अंक पर बंद हुआ। यूनान में ऋण संकट से निपटने के लिए यूरोपीय नीति निर्मातओं के नए प्रयासों से निवेशकों में उत्साह जगा है। पिछले चार कारोबारी सत्र में इसमें 1,050 अंक की गिरावट दर्ज की गई है। प्रतिभूति सौदा पर कर में कुछ कटौती तथा विदेशी पूंजी प्रवाह बढ़ने से बाजार धारणा पर सकारात्मक असर पड़ा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 135.65 अंक की बढ़त के साथ 4,971.25 अंक पर बंद हुआ। रियल्टी, आईटी तथा रिफाइनरी क्षेत्र के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सिप्ला को छोड़कर सभी शेयरों में तेजी दर्ज की गई। यूरोप में ऋण संकट तथा अमेरिका में आर्थिक वृद्धि की रफ्तार धीमी होने की खबर से इस वर्ष सेंसेक्स करीब 20 प्रतिशत नीचे गिरा है। सेंसेक्स में सर्वाधिक भारांश रखने वाला रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा इंफोसिस लाभ के साथ बंद हुए। आरआईएल जहां 5.09 प्रतिशत जबकि इंफोसिस 3.86 प्रतिशत मजबूत हुआ। टाटा मोटर्स भी 5.92 प्रतिशत चढ़ा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com