यह ख़बर 23 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला जारी...

खास बातें

  • बीएसई सेंसेक्स और 199.09 अंक की गिरकर 16,162.06 अंक पर बंद हुआ। दो दिन में सेंसेक्स 900 से अधिक अंक टूट चुका है।
मुंबई:

अमेरिका में मंदी की आशंका बढ़ने और यूरोप में सरकारों के गहराते ऋण संकट से दुनियाभर के बाजारों में गिरावट का सिलसिला जारी है और इसी के असर में बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 200 अंक और टूट गया। इस बीच, डॉलर के मुकाबले रुपया में गिरावट ने आयात पर निर्भर घरेलू कंपनियों की चिंता बढ़ा दी है। रुपया टूटकर ढाई साल के निचले स्तर 49.90 प्रति डॉलर पर आ गया। बृहस्पतिवार को 704 अंक टूटने वाला बीएसई सेंसेक्स और 199.09 अंक की गिरकर 16,162.06 अंक पर बंद हुआ। दो दिन में सेंसेक्स 900 से अधिक अंक टूट चुका है। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स दिन के निचले स्तर 16,052.47 अंक पर आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 55.90 अंक टूटकर 4,867.75 अंक पर बंद हुआ। इस दौरान मेटल, कैपिटल गुड्स और ऑटो शेयरों पर बिकवाली की मार पड़ी। अन्य एशियाई बाजारों में नरमी के रुख और यूरोपीय बाजारों के कमजोर खुलने से भी स्थानीय शेयर बाजारों की धारणा कमजोर हुई। आज की गिरावट में सबसे अधिक झटका धातु सूचकांक को लगा जो 2.28 प्रतिशत तक टूट गया। वहीं कैपिटल गुड्स इंडेक्स 1.84 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com