यह ख़बर 03 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पांच सप्ताह की गिरावट के बाद सेंसेक्स में दिखी तेजी

खास बातें

  • पांच सप्ताह की लगातार गिरावट के बाद इस सप्ताह सेंसेक्स पिछले सप्ताह के मुकाबले तेजी के साथ बंद हुआ।
मुंबई:

पांच सप्ताह की लगातार गिरावट के बाद इस सप्ताह सेंसेक्स पिछले सप्ताह के मुकाबले तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स ने शुक्रवार को समाप्त कारोबारी सप्ताह में 973 अंकों की तेजी दर्ज की और 16,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के ऊपर बंद हुआ। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में इस कारोबारी सप्ताह सिर्फ तीन सत्रों में कारोबार हुआ। ईद के कारण 31 अगस्त को और गणेश चतुर्थी के कारण एक सितम्बर को कारोबार बंद रहा। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को 144.71 अंक की तेजी के साथ 16,821.46 पर और एनएसई का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी 39.00 अंकों की तेजी के साथ 5,040.00 पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह शुक्रवार को सेंसेक्स 15,848.83 पर बंद हुआ था। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी इस सप्ताह तेजी दर्ज की गई। मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक शुक्रवार को क्रमश: 6,324.61 और 7,133.74 पर बंद हुआ। बीएसई के सभी सेक्टरों में इस सप्ताह मजबूती का रुख रहा। धातु (11.52 फीसदी), रियल्टी (10.14 फीसदी), बैंकिंग (6.88 फीसदी), वाहन (6.55 फीसदी) और तेल एवं गैस (6.4 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी रही। अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के प्रमुख बेन बर्नाके ने 26 अगस्त को अमेरिकी अर्थव्यवस्था में जान फूंकने के लिए हालांकि किसी नए कदम की घोषणा तो नहीं की, लेकिन इस सम्बंध में विकल्प उन्होंने खुले रखे साथ ही बाजार के लम्बी अवधि के लिए सकारात्मक उम्मीदें जताईं, जिससे दुनियाभर के निवेशकों को थोड़ी राहत मिली। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को 3.58 फीसदी या 567.50 अंकों की तेजी के साथ 16,416.33 पर बंद हुआ। मंगलवार और शुक्रवार को भी सेंसेक्स तेजी दर्ज करते हुए क्रमश: 16,676.75 पर और 16,821.46 पर बंद हुआ। एनएसई का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी भी इस सप्ताह 6.15 फीसदी या 292.20 अंकों की तेजी के साथ शुक्रवार को 5,040.00 पर बंद हुआ। इससे पूर्व के पांच सप्ताहों में सेंसेक्स में 15.34 फीसदी और निफ्टी में 15.73 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com