यह ख़बर 29 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

शेयर बाजार में गिरावट जारी, सेंसेक्स 12 अंक टूटा

खास बातें

  • कमजोर वैश्विक संकेतों और ब्याज दरों में और वृद्धि की आशंका के बीच सेंसेक्स 12 अंक टूटकर बंद हुआ।
मुंबई:

बंबई शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला लगातार चौथे दिन जारी रहा। कमजोर वैश्विक संकेतों और ब्याज दरों में और वृद्धि की आशंका के बीच सेंसेक्स 12 अंक टूटकर बंद हुआ। कोषों और निवेशकों द्वारा रीयल्टी, धातु, तेल एवं गैस और बिजली कंपनियों के शेयरों की बिकवाली से बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 12.32 अंक या 0.07 प्रतिशत गिरकर 18,197.20 अंक पर गया। कारोबार के दौरान यह 18,334.27 से 18,131.86 अंक के दायरे में घूमता रहा। सेंसेक्स में इससे पिछले तीन सत्रों में 661 अंक की गिरावट आई थी। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 5.75 अंक या 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,482 अंक पर आ गया। सेंसेक्स की प्रमुख कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में 1.15 प्रतिशत की गिरावट आई। ओएनजीसी का शेयर भी 2.89 प्रतिशत गिर गया। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि यूरो क्षेत्र और अमेरिकी ऋण संकट की वजह से कमजोर वैश्विक संकेतों तथा ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की चिंता से बाजार में गिरावट आ रही है। हालांकि 16 जुलाई को समाप्त सप्ताह के दौरान खाद्य मुद्रास्फीति के घटकर 7.33 प्रतिशत यानी 20 माह के निचले स्तर पर आने से थोड़ी राहत हुई है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com